कांग्रेस MLA की मांग- सरदार पटेल की तरह बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा का निर्माण कराएं PM मोदी

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की आज 145वीं जयंती है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और जामताड़ा से विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी ने एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से झारखंड में गुजरात मे बने स्टैचू ऑफ यूनिटी सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा की तर्ज पर भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा का निर्माण कराने का आग्रह किया।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा जी ने जिस प्रकार एक छोटी सी उम्र में अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए वह इतिहास बन कर रह गया। वो अंग्रेजों से लड़ते लड़ते शहीद हो गए। उनके सम्मान में एक भव्य प्रतिमा बनाने की मांग में देश के प्रधानमंत्री जी से करना चाहता हूं। आज बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उनके लिए इससे बड़ी श्रद्धांजलि नहीं हो सकती। उनके जन्म दिन पर ही 15 नवंबर को झारखंड अलग राज्य का निर्माण हुआ था। आज का दिन झारखंड वासियों के लिए ऐतिहासिक है”।
प्रधानमंत्री ने बिरसा मुंडा को किया याद
वहीं बिरसा मुंडा की जंयती पर प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया और लिखा “भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। वे गरीबों के सच्चे मसीहा थे, जिन्होंने शोषित और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए जीवनपर्यंत संघर्ष किया। स्वतंत्रता आंदोलन में उनका योगदान और सामाजिक सद्भावना के लिए किए गए उनके प्रयास देशवासियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे”।