झारखंड:दुल्हन को पसंद नहीं था दुल्हा, शादी के 11वें ही दिन हत्या करके शव कुएं में फेंका

सात जन्मों तक साथ निभाने की कसम खाकर अग्नि के सात फेरे लेने वाली महिला ने अपने पति की हत्या शादी के 11वें दिन ही कर दी। दोनों की शादी 5 फरवरी को हुई थी। पुलिस ने पति के हत्या के आरोप में आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला झारखंड के गुमला जिला के कुरकुरा थाना क्षेत्र का है।
दरअसल संजय तोपनो का शव 17 फरवरी को बेतेरकेरा गांव के कुएं में मिला था। वह 11 फरवरी को पत्नी सनियारो के साथ ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। शव मिलने के बाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। जांच के दौरान ही पुलिस को उसकी पत्नी पर हत्या कराना का शक हुआ।
इसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी सनियारो को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पत्नी ने पुलिस के सामने जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसे लड़का पसंद नहीं था, लेकिन परिवार ने जबरन शादी करा दी थी। उससे छुटकारा पाने के लिए उसने पत्थर से कुचलकर उसकी (पति) हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया।
वहीं पुलिस ने बताया कि 16 फरवरी को सनियारो पति को बेर खिलाने और सब्जी तोड़ने के बहाने से अपने चाचा के खेत में ले गई थी। यहां उसने पति की पत्थर से कुचल कर हत्या कर दिया और शव को कुएं में फेंक दिया, फिर वहां से वापस घर चली आई और जब पुलिस को शव मिला तो उसने पुलिस को गलत जानकारी देकर भ्रमित करने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर के जेल भेज दिया है।