अब दुबई में बिकेगी धोनी के फार्म हाउस की सब्जियां, हेमंत सरकार करेगी मदद

रांची के बजारों के बाद अब धोनी के फार्म की सब्जियां दुबई में बिकेगी। इसके लिए झारखंड सरकार का मार्केटिंग बोर्ड धोनी की मदद कर रहा है। जल्द ही ये डील फाइनल हो जाएगी और फिर रांची से ये सब्जियां दुबई जाएगी।
बाजार समिति के पणन सचिव अभिषेक आनंद ने जानकारी दी है कि ऑल सीजन फार्म फ्रेश एजेंसी और धोनी की यह डील फाइनल स्टेज में है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब नए प्रोजेक्ट के तहत काम कर रही है। धोनी एक ब्रांड हैं और जब उनकी सब्जियों के साथ झारखंड का नाम जुड़ेगा तो यहां के किसानों को भरपूर लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि कई एजेंसी जो यहां नहीं आना चाहती थी, वह भी यहां आएंगी और यहां की सब्जियों को दूसरे देशों में भेजेने का काम करेंगी।
धोनी फार्म हाउस में कर रहे हैं खेती
दरअसल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद धोनी खेती करने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। वह सेबों गांव में स्थित 43 एकड़ के फार्म हाउस में खेती,पशुपालन सहित कई काम कर रहे हैं। उनके फार्म हाउस में स्ट्रॉबेरी, गोभी, टमाटर, ब्रोकली, मटर, ओल और पपीते की बड़े पैमाने पर खेती हो रही है। धोनी के फार्म हाउस में उपजे गोभी, टमाटर, मटर कि रांची बाजार में भारी डिमांड है।
इसके साथ ही उनके फार्म हाउस से रोजाना सैकड़ों लीटर दूध बाजार में बिकने जाता है। यही नहीं धोनी ने फार्म हाउस में मुर्गी को भी पाल रखा है। हाल में ही उन्होंने मध्यप्रदेश से कड़कनाथ मुर्गा का चूजा मंगवाया है।
धोनी ने दुबई की डील, झारखंड सरकार ने की मदद
बता दें कि आईपीएल के बाद धोनी सपरिवार दुबई में ही छुट्टियां मना रहे हैं। वहीं पर इन दोनों के बीच बातचीत हुई है। जिसके बाद झारखंड सरकार ने भी अपने स्तर से पहल की और इस डील को पूरा कराने में शामिल हो गई। मालूम हो कि झारखंड सरकार खाड़ी देशों में ऑल सीजन फार्म फ्रेश के जरिए ही राज्य की सब्जियां भेजता है।