लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में सोमवार को आयोजित जनता दरबार के दौरान जमीन म्यूटेशन और जमाबंदी से जुड़े मामलों को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। लगातार मिल रही शिकायतों से नाराज लातेहार विधायक प्रकाश राम ने बालूमाथ अंचलाधिकारी बालेश्वर राम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कड़ी फटकार लगाई।
जनता दरबार में दिवाकरनगर निवासी लूरकी देवी ने शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उनकी पांच डिसमिल जमीन को गलत तरीके से 24 डिसमिल दिखाकर मोतिउर रहमान के नाम दर्ज कर दिया गया और उसके नाम से रसीद भी काट दी गई। पीड़िता ने बताया कि इससे पहले भी इस मामले को लेकर शिकायत दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद म्यूटेशन कर दिया गया।
“आप उपायुक्त से ऊपर हैं क्या?” – विधायक
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रकाश राम ने सीओ पर नाराजगी जताई और कहा कि “क्या आप गवर्नर हैं? अपने मन से काम करेंगे? क्या आप उपायुक्त से भी ऊपर हैं?” विधायक ने कहा कि जनता दरबार में लगातार जमीन संबंधित शिकायतें आ रही हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अधिकारियों की मनमानी इसी तरह जारी रही तो जनता दरबार का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। विधायक ने यहां तक कह दिया कि “बहुत मनमानी हो रही है, जल्द बालूमाथ छोड़कर जाइये, नहीं तो कार्यालय में घुसने नहीं दिया जाएगा।”
इसके बाद विधायक ने फोन पर पूरे मामले की जानकारी लातेहार उपायुक्त को देते हुए कार्रवाई की मांग की।
स्वास्थ्य केंद्र और बिजली तार का मुद्दा भी उठा
जनता दरबार में नगड़ा गांव के बंद पड़े स्वास्थ्य उपकेंद्र का मामला भी उठा, जिस पर संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट बिजली तार को लेकर विधायक ने विद्युत विभाग के जेई विकास कुमार महतो को भी फटकार लगाई।
विधायक ने कहा कि पहले भी आवेदन दिए गए थे, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।
रिश्वत और जमाबंदी में गड़बड़ी के आरोप
बालू निवासी सोमनाथ गंझू ने पंजी-2 में छेड़छाड़ कर जमीन दूसरे के नाम जमाबंदी करने का आरोप लगाया। वहीं कलीम कुरैशी ने आवेदन रिसीव कराने के नाम पर 500 रुपये मांगने का आरोप लगाया।
इसके अलावा गणेशपुर पंचायत में बिना ग्रामसभा कराए बड़े पैमाने पर जमीन दूसरे नाम से जमाबंदी करने की शिकायत भी सामने आई। विधायक ने इस मामले में ग्रामसभा कर निष्पादन करने का निर्देश दिया।
राशन और पेयजल की समस्या भी पहुंची जनता दरबार
आदिम जनजाति के जगन्नाथ परहिया पकरी ने शिकायत की कि उन्हें केवल 5 किलो राशन मिलता है, जो जल्दी खत्म हो जाता है। साथ ही गांव में पीने के पानी की भी सुविधा नहीं है। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
जनता दरबार में सबसे अधिक आवेदन जमीन म्यूटेशन, स्वास्थ्य, पेयजल, जन्म प्रमाण पत्र और मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े मिले। विधायक प्रकाश राम ने सभी मामलों की जांच कर जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव, थाना प्रभारी अमित कुमार समेत कई अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।