रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) अस्पताल परिसर में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। रिम्स के हॉस्टल नंबर-8 में एमबीबीएस सेकेंड ईयर के छात्र अक्षित कुजूर का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे हॉस्टल और मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है।

मृतक छात्र की पहचान 21 वर्षीय अक्षित कुजूर के रूप में हुई है, जो झारखंड के सिमडेगा जिले का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया था। शनिवार सुबह दोस्तों ने जब उसे कमरे में अचेत अवस्था में देखा तो तुरंत रिम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हॉस्टल नंबर-8 के HIG ब्लॉक में हुई घटना

जानकारी के अनुसार, यह घटना रिम्स हॉस्टल नंबर-8 के HIG ब्लॉक में हुई। शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्र ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की। हालांकि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही बरियातु थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस छात्र के दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

सभी पहलुओं पर जांच जारी

बरियातु थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस प्रेम प्रसंग, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।