झारखंड के धनबाद जिले के गोमो में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती टावर पर चढ़कर पुलिस से प्रेमी को रिहा करने और उसी से शादी कराने की मांग करने लगी। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, मामला गोमो के सिकलाइन इलाके का है। बताया जा रहा है कि निमियाघाट थाना पुलिस ने युवती के प्रेमी को किसी मामले में हिरासत में लिया था। प्रेमी पहले से शादीशुदा बताया जा रहा है। प्रेमी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही युवती सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और वहां से जोर-जोर से चिल्लाकर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताने लगी।

पुलिस और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही हरिहरपुर थाना पुलिस और स्थानीय मुखिया मौके पर पहुंचे। काफी देर तक पुलिसकर्मी और ग्रामीण युवती को समझाने का प्रयास करते रहे। युवती लगातार एक ही मांग पर अड़ी रही कि उसके प्रेमी को तुरंत छोड़ा जाए और उसकी शादी उसी से कराई जाए।

करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद उसे पूछताछ और जांच के लिए थाने ले जाया गया।

इलाके में बनी रही चर्चा

इस पूरी घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही। मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती को देखने के लिए आसपास के लोग भी पहुंच गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती से पूछताछ की जा रही है।