नीट-यूजी (NEET-UG) पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने रांची से धनबाद और रांची से डालटनगंज के बीच दो विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये दोनों ट्रेनें 21 जून को परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों को सुरक्षित और सुगमता से उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए चलाई जाएंगी।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 08603 रांची-धनबाद परीक्षा स्पेशल ट्रेन रांची स्टेशन से शाम 6:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन मूरी, झालदा, कोटशिला, बोकारो, चंद्रपुरा, फुलवारटांड़ और कतरास होते हुए रात 11:05 बजे धनबाद जंक्शन पहुंचेगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 08631 रांची-डालटनगंज परीक्षा स्पेशल ट्रेन शाम 7:15 बजे रांची से खुलेगी। यह ट्रेन पिस्का, टांगरबंसली, नगजुआ, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, छिपादोहर और बरवाडीह स्टेशनों पर ठहरते हुए रात 11:15 बजे डालटनगंज पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दोनों ट्रेनें पूरी तरह से अनारक्षित होंगी, जिससे परीक्षार्थियों को अग्रिम आरक्षण की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। परीक्षा को देखते हुए पूर्व मध्य रेल क्षेत्र में कुल नौ परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, ताकि विभिन्न जिलों के छात्रों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इधर, धनबाद प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू करने का निर्णय लिया है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।