झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार, 15 अगस्त की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों की मौत हो गई। चंदवा थाना क्षेत्र के डेढ़टंगवा घाटी में एक बेकाबू कंटेनर ट्रक ने पहले मोटरसाइकिल और फिर यात्री ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में कम से कम 6 से 7 लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

ऐसे हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि कंटेनर ट्रक लोहरदगा की ओर से आ रहा था। डेढ़टंगवा घाटी की ढलान पर अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद उसने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी और कुछ दूर आगे जाकर एक यात्री ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर ऑटो के ऊपर ही पलट गया। ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग कंटेनर के नीचे दब गए।

महिला और बच्चे समेत कई लोगों की मौत

हादसे में ऑटो चालक रकीब खान की भी मौत होने की जानकारी है। मृतकों में अफसरी खातून (40) और उनका 7 वर्षीय बेटा अशजद भी शामिल बताए जा रहे हैं। अन्य मृतकों की पहचान पुलिस द्वारा की जा रही है।

हाइड्रा की मदद से चला रेस्क्यू ऑपरेशन

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कंटेनर के नीचे दबे ऑटो और लोगों को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई।

घायलों को चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।