गिरिडीह: जिले के चैताडीह स्थित मातृत्व-शिशु स्वास्थ्य केंद्र के विशेष नवजात शिशु देखभाल केंद्र (SNCU) में शुक्रवार दोपहर अचानक धुआं भर जाने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। SNCU में धुआं फैलते ही अस्पताल कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और केंद्र में भर्ती नवजात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मातृत्व-शिशु स्वास्थ्य केंद्र के एक कमरे में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसके बाद देखते ही देखते SNCU हॉल में धुआं भर गया। धुआं फैलने की सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मी मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए वहां भर्ती नवजातों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

धुआं देखकर परिजनों में मची दहशत

अस्पताल के अंदर अचानक धुआं निकलता देखकर नवजात बच्चों के परिजन भी घबरा गए। कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, अस्पताल कर्मियों की तत्परता के कारण सभी नवजात बच्चों को समय रहते SNCU से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने स्थिति को संभाला और नवजात बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस दौरान ऑक्सीजन सपोर्ट वाले बच्चों को निकालने में विशेष सावधानी बरती गई।

ऑक्सीजन सपोर्ट पर दो नवजातों की स्थिति नाजुक

मामले को लेकर डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। उन्होंने कहा कि SNCU में भर्ती सभी नवजात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, इनमें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रह रहे दो नवजातों की स्थिति नाजुक बताई गई है। अन्य नवजातों को सुरक्षित बताया गया है।

घटना के बाद अस्पताल में मौजूद कर्मियों और परिजनों ने राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।