रांची के स्मार्ट सिटी स्थित आवास पर सोमवार को मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह के द्वादशा कार्यक्रम एवं ब्रह्मभोज का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ शामिल हुए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। वहीं, कल्पना सोरेन ने भी दिवंगत तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से स्वर्गीय तृषा सिंह की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

कार्यक्रम में राज्य सरकार के अन्य मंत्री, विधायक और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।