ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में रविवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। आजसू पार्टी छोड़ चुके ईचागढ़ के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हरेलाल महतो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। चांडिल प्रखंड के भादूडीह फुटबॉल मैदान में आयोजित मिलन समारोह सह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी भाजपा का दामन थामा। समर्थकों की भारी भीड़ के बीच आयोजित इस कार्यक्रम को हरेलाल महतो के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी और डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ से भाजपा के नेता भी उत्साहित नजर आए।

हरेलाल महतो ने वर्ष 2019 और 2024 के विधानसभा चुनाव में आजसू पार्टी के टिकट पर ईचागढ़ सीट से चुनाव लड़ा था। उनके भाजपा में शामिल होने से क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई है।

भाजपा की सदस्यता लेने के बाद हरेलाल महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति से प्रेरित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि जनसेवा के कार्यों को व्यापक बनाना और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने ईचागढ़ के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी भाजपा को मजबूत करने की बात कही। साथ ही आने वाले समय में पूरे कोल्हान क्षेत्र में भाजपा का कमल खिलाने का संकल्प जताया।

आदित्य साहू ने किया स्वागत, दूसरे नेताओं के शामिल होने के संकेत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हरेलाल महतो का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और विकास कार्यों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। आदित्य साहू ने दावा किया कि भाजपा में सदस्यता ग्रहण करने का सिलसिला जारी है और आने वाले दिनों में कई अन्य नेता भी पार्टी से जुड़ेंगे।

बाबूलाल मरांडी ने झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार को घेरा

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के संसाधनों का समुचित उपयोग करने के बजाय उनका दोहन किया जा रहा है। उन्होंने कानून-व्यवस्था और त्योहारों के दौरान अशांति से जुड़े मुद्दे उठाते हुए राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्का मकान, उज्ज्वला योजना के जरिए महिलाओं को रसोई गैस और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे कदमों से लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरेलाल महतो के भाजपा में आने से क्षेत्र की जनसमस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा।

संजय सेठ ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘तख्त बदल दो, ताज बदल दो’ के नारे से की। उन्होंने झामुमो, कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। एमएमडीआर विधेयक के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार की आलोचना की। संजय सेठ ने कहा कि हरेलाल महतो के भाजपा में शामिल होने से ईचागढ़ के साथ पूरे कोल्हान में पार्टी को मजबूती मिलेगी।

विद्युत वरण महतो ने बताया समाजसेवी

जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने हरेलाल महतो को लंबे समय से समाजसेवा से जुड़ा व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद हरेलाल महतो को जनहित के मुद्दों पर काम करने और लोगों की सेवा करने का व्यापक अवसर मिलेगा।

कई स्थानीय नेताओं और समर्थकों ने भी ली सदस्यता

हरेलाल महतो के साथ कई स्थानीय नेताओं और समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें प्रोफेसर रविशंकर मौर्य, नीमडीह के जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र, चांडिल की पूर्व प्रमुख अमला मुर्मू, दुर्योधन गोप, अरुण महतो, गोपेश महतो, दिगंबर सिंह, रेणुका पुराण, भरत महतो, भगीरथ दास, बुद्धेश्वर महतो, रेखा प्रमाणिक, सुलोचना प्रमाणिक, अमूल्य महतो, तुलसी महतो, बबलू महतो, विष्णु महतो, कार्तिक प्रमाणिक, पुलक सत्पथी, गौरी लायक, गुरुचरण महतो, निर्मल गोराई, मांगाराम महतो और मनोज महतो समेत अन्य लोग शामिल रहे।

भादूडीह में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए हरेलाल महतो ने अपने समर्थकों की ताकत दिखाई। अब उनके भाजपा में शामिल होने के बाद ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की स्थिति और आगामी चुनावों के राजनीतिक समीकरणों पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा, इस पर नजर रहेगी।