झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का रविवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे निधन हो गया. उनके निधन की खबर से राज्य के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई. अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपनी मां के निधन की जानकारी साझा की.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवंगत शायरा मुंडा का पार्थिव शरीर सोमवार को अंतिम दर्शन के लिए जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित अर्जुन मुंडा के आवास पर रखा जाएगा. सोमवार दोपहर एक बजे आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी. यह यात्रा स्वर्णरेखा बर्निंग घाट, भुइयांडीह पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
बताया गया कि शायरा मुंडा पिछले दो वर्षों से उम्र संबंधी बीमारी से जूझ रही थीं. बीते 14 नवंबर की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. इसके बाद उन्हें जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान रविवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.
मां के निधन से अर्जुन मुंडा और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मातृशोक की इस घड़ी में उनके शुभचिंतकों, समर्थकों और परिचितों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की है.