राजधानी रांची में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन लेने वाले लाभुकों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है. कहीं राशन दुकानों तक अनाज पहुंचने में देरी हो रही है, तो कहीं ई-पॉश मशीन में सर्वर और नेटवर्क की समस्या के कारण वितरण बाधित हो रहा है. स्थिति यह है कि कई लाभुक राशन लेने दुकान पहुंचते हैं, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उन्हें बिना अनाज लिये ही लौटना पड़ता है. कई लोगों को दो से तीन दिनों तक दुकान के चक्कर लगाने के बाद राशन मिल पाता है.

जिले में फिलहाल चावल और गेहूं का वितरण किया जा रहा है. लेकिन अनाज की आपूर्ति में देरी और ई-पॉश मशीन की तकनीकी गड़बड़ी से वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है. राशन दुकानदारों का कहना है कि सर्वर डाउन रहने के कारण कई-कई दिनों तक वितरण नहीं हो पाता है. बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य होने के कारण मशीन में गड़बड़ी होने पर लाभुकों को राशन नहीं मिल पाता.

धोती-साड़ी और चना दाल का वितरण भी अनियमित

रांची जिले में चना दाल का वितरण भी नियमित रूप से नहीं हो पा रहा है. इसके अलावा धोती-साड़ी योजना के तहत वितरण में भी अनियमितता की शिकायतें मिलती रहती हैं. इससे राशन कार्डधारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है.

जिले में पांच लाख से अधिक लाल-पीले राशन कार्डधारी

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, रांची जिले में कुल 2100 राशन दुकानदार हैं. जिले में लाल और पीले राशन कार्डधारियों की संख्या 5,05,792 है. वहीं, ग्रीन कार्ड के लाभुकों की संख्या 69,892 है. इतनी बड़ी संख्या में लाभुकों को राशन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जनवितरण प्रणाली की दुकानों पर है.

लिखित शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था

राशन दुकानदारों के अनुसार, ई-पॉश मशीन में तकनीकी खराबी और अनाज की आपूर्ति में देरी को लेकर कई बार सरकार और विभाग को लिखित शिकायत दी गयी है. इसके बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है. राशन डीलर संघ के अध्यक्ष ज्ञान देव झा का कहना है कि जिले में राशन का वितरण नियमित रूप से होता है, लेकिन दुकानदारों तक अनाज अक्सर देर से पहुंचता है. इसका असर लाभुकों को मिलने वाली सेवा पर पड़ता है.

वहीं, लाभुक अनिता मिंज ने बताया कि राशन लेने के दौरान अक्सर परेशानी होती है. कई बार दुकान जाने के बाद भी राशन नहीं मिल पाता और दोबारा आना पड़ता है.

इधर, विभाग का कहना है कि जिले की राशन दुकानों में नियमित रूप से अनाज का वितरण हो रहा है. अभी किसी बड़ी शिकायत की जानकारी नहीं है. वितरण व्यवस्था दुरुस्त रखने और लाभुकों को सही मात्रा में अनाज मिले, इसके लिए समय-समय पर दुकानों का औचक निरीक्षण किया जाता है.