रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी–2025 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली झारखंड क्रिकेट टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर टीम के कप्तान एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन ने पूरी टीम के साथ विजेता ट्रॉफी मुख्यमंत्री को सांकेतिक रूप से भेंट की।
मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डोमेस्टिक क्रिकेट में यह जीत झारखंड के लिए गर्व का विषय है और राज्य के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है।
डोमेस्टिक क्रिकेट में झारखंड का नया कीर्तिमान
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट जीतकर झारखंड ने डोमेस्टिक क्रिकेट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की जीत न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाती है, बल्कि राज्य में खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा देती है।
उन्होंने कहा कि आज झारखंड के खिलाड़ी क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी, फुटबॉल और तीरंदाजी जैसे खेलों में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे राज्य का नाम पूरे देश में रोशन हो रहा है।
खेल इकोसिस्टम मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद के दौरान राज्य में एक सशक्त खेल इकोसिस्टम विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए सही मंच, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए स्कूल और कॉलेज स्तर पर खेलों को मजबूती से जोड़ा जाना आवश्यक है, ताकि शुरुआती स्तर पर ही खिलाड़ियों की पहचान और मार्गदर्शन हो सके।
उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।
विदेशों में प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की पहल
मुख्यमंत्री ने जेएससीए की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव दिलाने के लिए विदेशों में प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की व्यवस्था पर भी गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। इससे खिलाड़ियों को अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने का अनुभव मिलेगा और उनके प्रदर्शन में और निखार आएगा।
परंपरागत खेलों को भी मिल रहा नया मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिकेट और हॉकी जैसे लोकप्रिय खेलों के साथ-साथ झारखंड के परंपरागत खेल भी नए रूप में लौट रहे हैं। आज इन खेलों की प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हो रही हैं, जिससे युवाओं के लिए खेलों में करियर के कई नए अवसर खुल रहे हैं।
नियमित खेल प्रतियोगिताओं की जरूरत
मुख्यमंत्री ने पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और राज्य को नई खेल प्रतिभाएं मिलेंगी। लक्ष्य यही है कि झारखंड को खेलों की दुनिया में देशभर में एक मजबूत और दमदार पहचान दिलाई जाए।
इस अवसर पर जेएससीए के अध्यक्ष श्री अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य, झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ उपस्थित थे।