गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत खुखरा गांव में Tufcon TMT Rebar के तत्वावधान में रविवार को एक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर खुखरा मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।

इस निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में कुल लगभग 150 बच्चों और 250 बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर उन्हें उचित उपचार संबंधी सुझाव दिए।

स्वास्थ्य सेवा के साथ भोजन और कंबल वितरण, सामाजिक दायित्व की मिसाल

स्वास्थ्य जांच के बाद शिविर में आए सभी ग्रामीणों के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही ठंड को देखते हुए ग्रामीणों को कंबल भी वितरित किए गए, जिससे लोगों में विशेष खुशी देखने को मिली। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत लाभकारी बताया।

इस अवसर पर Langta Baba Steels Private Limited के सीएमडी मोहन प्रसाद साव ने कहा कि कंपनी का प्रयास है कि शहरों में उपलब्ध विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं ग्रामीण इलाकों तक पहुंचाई जाएं, ताकि यहां के लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़े। उन्होंने बताया कि ऐसे सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाना कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह जिले के एएसपी सुरजीत कुमार, खुखरा मध्य विद्यालय के प्रधानाचार्य हरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, खुखरा पंचायत की मुखिया सुनैना पाठक, खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार, पंचायत समिति सदस्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले चिकित्सकों में डॉ. श्यामल कुमार (शिशु रोग विशेषज्ञ), डॉ. नीरज कुमार सिन्हा (जनरल फिजिशियन) और डॉ. श्रवण कुमार (हड्डी रोग विशेषज्ञ) शामिल रहे।

कंपनी के मैनेजर हिमांशु प्रियदर्शी ने बताया कि Langta Baba Steels Private Limited भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। अंत में ग्रामीणों ने कंपनी और चिकित्सकों की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।