रांची में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अस्पताल में भर्ती छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर बातचीत की। उन्होंने महतो के स्वास्थ्य की जानकारी ली और छात्र आंदोलन को अपना समर्थन देने की बात कही।

देवेंद्र नाथ महतो पिछले नौ दिनों से अनशन पर थे। 10 अगस्त को विधानसभा घेराव मार्च के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वीडियो कॉल के दौरान महतो ने आरोप लगाया कि अस्पताल ले जाने से पहले पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिससे उन्हें चोटें आईं और सीने में दर्द की शिकायत हुई।

अभिजीत दीपके ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

अभिजीत दीपके ने छात्र नेता के साथ हुई बातचीत का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग की आलोचना की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और बल प्रयोग का आदेश देने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

उन्होंने देवेंद्र नाथ महतो को ‘सच्चा नायक’ बताते हुए कहा कि CJP छात्रों के इस संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। पार्टी की ओर से छात्र आंदोलन के समर्थन का भी ऐलान किया गया।

ये हैं छात्रों की प्रमुख मांगें

छात्र संगठन 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने, कथित भर्ती गड़बड़ी की CBI और ED से जांच कराने, JSSC-CGL परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई करने और भविष्य की सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर सरकार और आंदोलनरत छात्रों के बीच गतिरोध बना हुआ है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।