हजारीबाग प्रमंडलीय भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को कोडरमा जिले के चंदवारा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी दरोगा एक मामले में मदद करने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था.

क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, चंदवारा निवासी प्रेम चंद्र नायक ने हजारीबाग एसीबी से इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता का आरोप था कि सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम एक मामले को रफा-दफा करने या उसमें राहत देने के नाम पर उनसे एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे. काफी मिन्नतें करने के बाद सौदा तय हुआ, जिसके तहत पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये देना तय हुआ था. प्रेम चंद्र नायक भ्रष्टाचार के आगे झुकना नहीं चाहते थे, इसलिए उन्होंने इसकी लिखित सूचना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दे दी.

जाल बिछाकर हुई गिरफ्तारी

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया. जैसे ही प्रेम चंद्र नायक ने तय रणनीति के तहत चंदवारा थाना परिसर में सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम को रिश्वत के पैसे थमाए, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें धर दबोचा. आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है. गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी दरोगा को अपने साथ हजारीबाग ले गई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है और न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.