भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा सांसद आदित्य (Aditya Sahu) साहू को झारखंड (Jharkhand) का कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया है। शुक्रवार 3 अक्तूबर को बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए बताया कि बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा ने राज्यसभा सांसद आदित्य साहू को भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। पत्र के अनुसार साहू की कार्यकारी अध्यक्ष पद पर नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
रविंद्र राय की जगह आदित्य साहू
आदित्य साहू को रविंद्र कुमार राय की जगह राज्य का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रविंद्र कुमार राय को बीजेपी ने झारखंड विधानसभा चुनवा के ठीक पहले प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। चुनावों में बीजेपी को बड़ी सफलता न मिलने के बाद अब पार्टी ने राय को इस पद से हटा कर साहू को जिम्मेदारी सौंपी है। झारखंड चुनाव से पहले ही साहू भी राज्य प्रमुख के दावेदारों की रेस में शामिल थे, हालांकि पार्टी ने तब राय का चुनाव किया।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @JPNadda ने राज्य सभा सांसद श्री आदित्य साहू को भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। pic.twitter.com/tU7H6KgpoW
— BJP (@BJP4India) October 3, 2025
वैश्य समुदाय पर बीजेपी की नजर!
बीजेपी ने आदित्य साहू का चुनाव कर राज्य की बड़ी आबादी पर निशाना साधने का प्रयास किया है। झारखंड की कुल 81 विधानसभा सीटों में से आधी पर जीत हार का समीकरण तय करने में वैश्य समुदाय की अहम भूमिका रहती है। साहू इसी समाज का नेतृत्व करते हैं।

