सेना भर्ती कार्यालय रांची ने अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026 के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) की तिथियों की घोषणा कर दी है। यह परीक्षा 1 जून 2026 से 15 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी।

यह परीक्षा उन सभी अभ्यर्थियों के लिए होगी जिन्होंने अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।

जल्द जारी होंगे एडमिट कार्ड

भारतीय सेना की ओर से बताया गया है कि सभी पात्र अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जल्द ही भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। उम्मीदवारों को नियमित रूप से वेबसाइट चेक करने की सलाह दी गई है ताकि एडमिट कार्ड जारी होते ही उसे डाउनलोड किया जा सके।

परीक्षा एडमिट कार्ड में दिए गए परीक्षा केंद्र, तिथि और समय के अनुसार आयोजित की जाएगी।

परीक्षा केंद्र पर ये दस्तावेज जरूरी

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर कुछ जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाना अनिवार्य होगा। इनमें शामिल हैं:

प्रिंटेड एडमिट कार्ड

मूल फोटो पहचान पत्र

पासपोर्ट साइज फोटो

एडमिट कार्ड में उल्लिखित अन्य जरूरी दस्तावेज

पहचान पत्र के तौर पर आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस मान्य होंगे।

समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थी

सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और रिपोर्टिंग समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

दलालों और फर्जी एजेंटों से सावधान रहने की अपील

भारतीय सेना की ओर से अभ्यर्थियों को दलालों और फर्जी एजेंटों से सतर्क रहने की चेतावनी भी दी गई है। सेना ने साफ कहा है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित और पारदर्शी होती है।

किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस रांची से संपर्क कर सकते हैं या JIA पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत और सवाल दर्ज कर सकते हैं।