Site icon Jharkhand LIVE

अंबेडकर जयंती पर रांची में राज्यपाल संतोष गंगवार और सीएम हेमन्त सोरेन ने दी श्रद्धांजलि

रांची: डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को राजधानी रांची के डोरंडा स्थित अंबेडकर चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अंबेडकर जयंती का यह दिन देश के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विशाल लोकतांत्रिक देश की मजबूत नींव रखने में डॉ. अंबेडकर का योगदान अतुलनीय है और उनके द्वारा निर्मित संविधान आज भी देश को दिशा देने का काम कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे, जिन्होंने गरीबों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और एक समतामूलक एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की दिशा में कार्य करने की बात कही।

Exit mobile version