Site icon Jharkhand LIVE

साहिबगंज में ब्रह्मपुत्र मेल से बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, 10 हजार रुपये देकर भारत में की थी एंट्री

झारखंड के साहिबगंज में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ब्रह्मपुत्र मेल से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मोहम्मद सुमन के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह करीब तीन महीने पहले 10 हजार रुपये देकर अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुआ था। उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद खुफिया विभाग के अधिकारियों ने भी उससे पूछताछ की।

चेन पुलिंग के बाद जांच में पकड़ा गया

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8:51 बजे साहिबगंज-करमटोला के बीच चेन पुलिंग के कारण ब्रह्मपुत्र मेल रुक गई। इसके बाद ट्रेन में तैनात आरपीएफ एस्कॉर्ट टीम ने जांच शुरू की। इस दौरान जनरल कोच में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में सोया हुआ मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मोहम्मद सुमन बताया और बांग्लादेश के सिलेट जिले के रानीगंज का निवासी होने की बात स्वीकार की। उसके पास गुवाहाटी तक का टिकट भी मिला।

10 हजार रुपये लेकर दलाल ने कराई थी भारत में एंट्री

पूछताछ के दौरान मोहम्मद सुमन ने बताया कि जुलाई के आसपास एक दलाल ने 10 हजार रुपये लेकर उसे मजदूरी करने के लिए भारत में प्रवेश कराया था। इसके बाद वह गुवाहाटी और दिल्ली होते हुए श्रीनगर पहुंचा। वहां वह सफर अली नाम के एक कबाड़ कारोबारी के यहां कबाड़ बीनने का काम करने लगा।

उसने बताया कि कुछ दिन पहले कारोबारी के भाग जाने के बाद उसने बांग्लादेश लौटने की योजना बनाई। इसके लिए वह श्रीनगर से दिल्ली पहुंचा और फिर गुवाहाटी जाने के लिए ब्रह्मपुत्र मेल में सवार हुआ। इसी दौरान साहिबगंज में आरपीएफ ने उसे पकड़ लिया।

रेल थाने में केस दर्ज

आरपीएफ पोस्ट कमांडर की शिकायत पर शुक्रवार रात साहिबगंज रेल थाने में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद खुफिया विभाग के अधिकारियों ने भी उससे पूछताछ की। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

Exit mobile version