Site icon Jharkhand LIVE

फर्जी हस्ताक्षर कर जाति प्रमाणपत्र बनाने के आरोप में बवाल, बरवाअड्डा थाना पहुंचे विधायक जयराम महतो

धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में फर्जी हस्ताक्षर कर जाति प्रमाणपत्र और वंशावली बनाये जाने के मामले को लेकर शुक्रवार की रात थाना परिसर में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान विधायक जयराम महतो के समर्थकों और मुखिया यशोदा के समर्थकों के बीच मारपीट होने की बात सामने आयी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

फर्जी हस्ताक्षर से प्रमाणपत्र बनाने का आरोप

जानकारी के अनुसार, बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा ने गांव के ही गणेश दास पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर जाति प्रमाणपत्र और वंशावली बनाये जाने का आरोप लगाया था। इस मामले में बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 129/24 दर्ज है। गणेश दास को जेएलकेएम के एसी मोर्चा का सचिव बताया जाता है।

पुलिस से उलझने के बाद दर्ज हुआ दूसरा केस

बताया जा रहा है कि पुलिस इसी मामले में गणेश दास को नोटिस देने पहुंची थी। इस दौरान कथित तौर पर वह पुलिसकर्मियों से उलझ गया। इसके बाद पुलिस उसे थाने लेकर आयी। पुलिस के साथ कथित दुर्व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में उसके खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया।

विधायक पर आरोपी को छुड़ाने का दबाव बनाने का आरोप

आरोप है कि गणेश दास को थाने से छोड़ने के लिए विधायक जयराम महतो ने थाना प्रभारी रवि कुमार को फोन किया। थाना प्रभारी द्वारा आरोपी को छोड़ने से इनकार करने के बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ शुक्रवार की रात बरवाअड्डा थाना पहुंचे।

कुछ देर बाद मुखिया यशोदा के समर्थक भी थाना पहुंच गये। इसी दौरान थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गयी, जिससे थाना परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी।

विधायक ने पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप

घटना के बाद विधायक जयराम महतो ने पुलिस पर गिरफ्तार युवक गणेश दास के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। हालांकि, इस आरोप को लेकर पुलिस का पक्ष अभी सामने नहीं आया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। थाना परिसर में हुए विवाद और मारपीट की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।

Exit mobile version