बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र स्थित 5 नंबर धौड़ा में आपसी विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिसे करीब 17 घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन और पुलिस कार्रवाई के बाद हटाया गया। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बेरमो एसडीपीओ रविंद्र सिंह ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 29 मई 2026 की रात करीब 9 बजे 5 नंबर धौड़ा निवासी अनिता देवी (पति- महेश भुईयाँ) का अपने पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट के दौरान अनिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल ढोरी स्थित रिजनल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेजा गया। 30 मई को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद मृतका के पति महेश भुईयाँ के आवेदन पर बेरमो थाना में कांड संख्या 63/26 दर्ज किया गया। प्राथमिकी दर्ज होते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बबलु कुमार उर्फ बबलु भुईयाँ, सुरेंद्र भुईयाँ, विरेंद्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धिरेन भुईयाँ उर्फ धिरेन कुमार भारती और राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

