Site icon Jharkhand LIVE

बिहार चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर सुदेश महतो का बयान: “बिहार ने डबल इंजन पर भरोसा किया”

रांची। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद आजसू पार्टी के प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने एनडीए गठबंधन को बधाई दी और बिहार की जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर “डबल इंजन की सरकार” पर अपना भरोसा मजबूत किया है और विकास व स्थिरता के पक्ष में स्पष्ट संदेश दिया है।

सुदेश महतो ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन मॉडल पर जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने इस जीत को “बिहार की परिपक्व जनता द्वारा विकास की सही दिशा का चयन” बताया। महतो के अनुसार, इस जनादेश ने जातिवादी राजनीति और जंगलराज की आशंकाओं को पूरी तरह खारिज करते हुए एनडीए के मॉडल को वैधता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूर्वी भारत विशेषकर बिहार और झारखंड के लिए नए विकास अध्याय की शुरुआत है।

घाटशिला में JMM की जीत को लेकर भी प्रतिक्रिया

घाटशिला उपचुनाव में झामुमो उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए सुदेश महतो ने कहा कि एनडीए कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत की थी, लेकिन झामुमो को सहानुभूति लहर का लाभ मिला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही अंतिम निर्णायक होती है और उसके फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।

प्रवीण प्रभाकर ने कहा – “बिहार ने जंगल राज को खारिज किया”

आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने भी एनडीए की जीत को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि बिहार का यह जनादेश साबित करता है कि जनता विकास, स्थिरता और सुशासन के साथ है। उन्होंने कहा कि यह जीत महिलाओं, युवाओं और किसानों को सशक्त बनाने वाली नीतियों का परिणाम है। प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि बिहार का यह अनुभव झारखंड में एनडीए की मजबूती के लिए प्रेरणा का काम करेगा और दोनों राज्यों में सामाजिक न्याय व आर्थिक उन्नति के लक्ष्यों को गति मिलेगी।

Exit mobile version