Site icon Jharkhand LIVE

बोकारो में प्रेमी की रिहाई की मांग पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, गांव में मचा हड़कंप

झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए।

जानकारी के अनुसार, युवती ललपनिया पंचायत के तिलैया गांव की रहने वाली है। वह कुछ दिनों पहले अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की और चार दिन पहले रांची से उन्हें बरामद कर लिया। इसके बाद युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

प्रेमी के जेल भेजे जाने से नाराज युवती मंगलवार को ढेंढे गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर युवती को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कई लोग वीडियो और तस्वीरें बनाने लगे, जबकि ग्रामीण लगातार युवती से नीचे उतरने की अपील करते रहे।

हालांकि युवती अपनी मांग पर अड़ी रही। उसका कहना था कि जब तक उसके प्रेमी को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी।

घटना की सूचना मिलते ही बेरमो अनुमंडल के एसडीपीओ रबिन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर युवती को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की।

खबर लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासन की टीम युवती को समझाने में जुटी हुई थी, जबकि क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य युवती को सुरक्षित नीचे उतारना और स्थिति को सामान्य बनाना था

Exit mobile version