Site icon Jharkhand LIVE

बोकारो कोषागार घोटाला: CID की बड़ी कार्रवाई, गृह रक्षा वाहिनी का जवान गिरफ्तार; 43 लाख रुपये फ्रीज

झारखंड के बोकारो में कोषागार से अवैध वेतन निकासी मामले में जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने एसपी कार्यालय बोकारो के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त गृह रक्षा वाहिनी के जवान सतीश कुमार उर्फ सतीश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार जवान पहले से पकड़े गए मुख्य आरोपी लेखापाल कौशल कुमार पांडेय के साथ मिलकर काम कर रहा था। सीआईडी की जांच में सतीश कुमार के बैंक खाते में करीब 1.06 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने उसके खाते में मौजूद लगभग 43 लाख रुपये को फ्रीज करा दिया।

इस पूरे मामले को लेकर सीआईडी पहले से ही गंभीरता से जांच कर रही है। झारखंड सरकार के निर्देश पर एजेंसी ने बोकारो कोषागार से जुड़े मामलों को अपने हाथ में लेकर गहन अनुसंधान शुरू किया है। इस संबंध में 24 अप्रैल 2026 को सीआईडी थाने में कांड संख्या 06/2026 दर्ज किया गया है।

मामले की तह तक पहुंचने के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व आईजी पंकज कंबोज कर रहे हैं। टीम लगातार संदिग्ध लेन-देन और जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

गिरफ्तार सतीश कुमार को सीआईडी रांची की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल उसे रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में रखा गया है। सीआईडी अब उसे रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करने की तैयारी में है, ताकि इस घोटाले से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।

Exit mobile version