रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब जयमाला के बाद दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बन गया। मामला अब थाना तक पहुंच गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र के साड़म गांव निवासी युवती की शादी के लिए बियांग गांव से बारात आई थी। गुरुवार रात पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ बारात का स्वागत किया गया। जयमाला की रस्म भी संपन्न हो गई और शादी की अन्य तैयारियां चल रही थीं।
इसी दौरान दुल्हन मौका देखकर अपने प्रेमी के साथ वहां से फरार हो गई। बताया जा रहा है कि प्रेमी भी बारात में शामिल होकर आया था और वह दूल्हे के गांव का ही रहने वाला है।
दुल्हन के अचानक गायब होने की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और हंगामा होता रहा। बाद में मामला गोला थाना पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और युवती की तलाश भी जारी है। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

