झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित सारंडा जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच करीब 40 घंटे तक चली मुठभेड़ अब थम गई है। फिलहाल इलाके में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि छिपे हुए नक्सलियों और हथियारों का पता लगाया जा सके।
जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ सारंडा जंगल के चड़राडेरा और बालिबा क्षेत्र में बुधवार सुबह शुरू हुई थी, जो लगातार करीब 40 घंटे तक जारी रही। मुठभेड़ थमने के बाद शुक्रवार (17 अप्रैल 2026) से सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। इस दौरान तीन नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। वहीं एक अन्य कार्रवाई में चतरा-हजारीबाग सीमा पर 15 लाख के इनामी नक्सली सहदेव महतो और एक महिला नक्सली समेत कुल चार उग्रवादियों को ढेर कर दिया गया।
इस अभियान के दौरान एक जवान के घायल होने की भी सूचना है, जिसे बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट किए जाने की तैयारी की जा रही है।
इस पूरे ऑपरेशन में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम शामिल है। सुरक्षा बलों का कहना है कि इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा और नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी।

