सोशल मीडिया पर रंगदारी और भौकाल दिखाने के लिए थाना परिसर में रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऐसे ही एक रीलबाज युवक को हिरासत में लेकर कड़ी चेतावनी दी है। युवक पर आरोप है कि उसने प्रतापपुर और कुंदा थाना परिसर के भीतर भोजपुरी गानों पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल किया था।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से थाना परिसर के अंदर बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे थे। इस पर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई थी। शिकायत मिलने के बाद प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने रील बनाने वाले मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस के समक्ष लिखित माफी मांगी। साथ ही उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से विवादित रील को भी डिलीट कर दिया।
थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने कहा कि बिना अनुमति थाना परिसर में वीडियो रिकॉर्डिंग करना और सोशल मीडिया पर गलत संदेश फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की छवि खराब करने या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य रीलबाजों और सोशल मीडिया पर भौकाल दिखाने वालों में हड़कंप मच गया है।

