Site icon Jharkhand LIVE

छठ पर बिहार जाने वालों की भीड़ से रांची स्टेशन फुल, 15 स्पेशल ट्रेनें भी नहीं दे पा रहीं पूरी राहत

छठ महापर्व को लेकर रांची रेलवे स्टेशन पर बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार को भी नियमित ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों का जबरदस्त दबाव देखने को मिला। सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को हुई, जिनकी वेटिंग टिकट कंफर्म नहीं हो सकी थी। घर पहुंचने की जल्दबाजी में यात्री किसी तरह ट्रेन में जगह पाने की कोशिश करते नजर आये।

मौर्या एक्सप्रेस, रांची-इस्लामपुर एक्सप्रेस, रांची-गोड्डा एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी इंटरसिटी और जनशताब्दी एक्सप्रेस में यात्रियों की काफी भीड़ रही। जनरल कोच में सीट नहीं मिलने के कारण लोगों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। स्थिति ऐसी थी कि कोच में शौचालय तक जाने का रास्ता भी यात्रियों से भरा हुआ था।

हटिया स्टेशन से ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रहे यात्री

रांची स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए हटिया से खुलकर रांची स्टेशन होते हुए जाने वाली ट्रेनों के कई यात्रियों ने हटिया स्टेशन से ही ट्रेन पकड़ना बेहतर समझा। इससे उन्हें भीड़ के बीच ट्रेन में चढ़ने की परेशानी से बचने की उम्मीद थी। वहीं, ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा था।

ऐसे में कई यात्रियों ने तत्काल टिकट और कंफर्म टिकट के लिए ट्रेवल एजेंटों का सहारा लिया। यात्रियों के अनुसार, कुछ एजेंट एक टिकट पर 250 से 500 रुपये तक अतिरिक्त वसूल रहे थे। घर पहुंचने की मजबूरी के कारण कई यात्री अतिरिक्त पैसे देने को भी तैयार थे।

15 स्पेशल ट्रेनों से थोड़ी राहत, फिर भी जनरल कोच में भीड़

छठ महापर्व को देखते हुए रेलवे की ओर से 15 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इससे यात्रियों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ का दबाव अब भी बना हुआ है। स्पेशल ट्रेनों के जनरल कोच में भी यात्रियों की काफी भीड़ देखने को मिल रही है।

वेटिंग टिकट कंफर्म नहीं होने के बाद यात्रियों के सामने बस, टैक्सी और निजी वाहनों से सफर करने का विकल्प भी है। हालांकि, सड़क मार्ग से यात्रा करने पर भी उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। खादगढ़ा बस स्टैंड पर बिहार जाने वाली बसों की मांग बढ़ने से किराये में भी अंतर देखने को मिल रहा है। यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक किराया देना पड़ रहा है।

रस्सी से कतार बनाकर यात्रियों को कराया जा रहा प्रवेश

स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ की ओर से अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। प्लेटफॉर्म पर रस्सी बांधकर यात्रियों को ट्रेन आने से कुछ मिनट पहले तक रोका जा रहा है। इसके बाद उन्हें कतारबद्ध तरीके से ट्रेन में चढ़ाया जा रहा है। बुजुर्ग यात्रियों को भी ट्रेन में चढ़ने में मदद की जा रही है।

हालांकि, ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही कई यात्री सीट पाने की जल्दबाजी में कतार तोड़कर कोच में चढ़ने की कोशिश करते हैं। ऐसे में व्यवस्था बनाये रखना आरपीएफ के लिए चुनौती बना हुआ है। स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा बल लगातार निगरानी कर रहे हैं।

छठ महापर्व पर घर लौटने की जल्दबाजी और ट्रेनों में लंबी वेटिंग के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी है। स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के बावजूद यात्रियों को कंफर्म टिकट और सुरक्षित तरीके से यात्रा करने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है।

Exit mobile version