रांची: राजधानी रांची के मेन रोड स्थित राज अस्पताल में इलाज के दौरान 18 वर्षीय युवक राजू कुमार रंजन की मौत के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
मृतक राजू कुमार रंजन लातेहार का रहने वाला था। सड़क दुर्घटना में पैर फ्रैक्चर होने के बाद वह करीब 40 दिनों से अस्पताल में भर्ती था। परिजनों का आरोप है कि भर्ती के शुरुआती दिनों में घाव की समय पर ड्रेसिंग नहीं की गई, जिससे संक्रमण फैल गया और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही के साथ 22 लाख रुपये का बिल थमाने का भी आरोप लगाया है।
युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने सिविल सर्जन की निगरानी में चार सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। यह टीम अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड, उपचार प्रक्रिया और डॉक्टरों की भूमिका की विस्तृत जांच करेगी।
वहीं, परिजनों की मांग पर मृतक के शव का पोस्टमार्टम रिम्स में कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल प्रबंधन एवं दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

