Site icon Jharkhand LIVE

जमीन नापी के लिए मांग रहा था कमीशन, ACB ने अमीन गणेश महतो को पकड़ा !

करप्शन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है. गुरुवार को सिल्ली अंचल कार्यालय में अमीन के पद पर कार्यरत एक रिश्वत लेते धर दबोचा है. इस एक्शन से अंचल कार्यालय में दिनभर हड़कंप की स्थिति बनी रही. एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, सिल्ली थाना क्षेत्र के लोवादाग गांव निवासी वासुदेव महतो ने विभाग को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी भूमि से संबंधित सरकारी प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर अवैध राशि की मांग की जा रही है.

 

जमीन की नापी और दस्तावेज तैयार करने के संबंध में मांगी थी घूस

शिकायत में यह बताया गया था कि जमीन की नापी और उससे जुड़े दस्तावेज तैयार करने के एवज में कर्मचारी द्वारा पैसे मांगे जा रहे हैं. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसीबी की टीम ने पहले शिकायत की पुष्टि करायी. जब जांच में आरोप सही पाया गया तो उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया. तय योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने संबंधित अमीन को मांगी गयी रकम सौंपी, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया.

आरोपी के खिलाफ रांची थाने में प्राथमिकी दर्ज

गिरफ्तार कर्मी की पहचान सिल्ली अंचल कार्यालय में कार्यरत अमीन गणेश महतो के रूप में हुई है. एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रांची थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की घूसखोरी या अनियमितता की जानकारी निडर होकर विभाग को दें, ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके.

Exit mobile version