रांची में नाबालिग युवती के साथ गैंगरेप, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

राजधानी रांची में एक नाबालिग युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि पीड़ित लड़की का मेडिकल कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सरफराज नाम का युवक नाबालिग के घर के पास स्थित एक मकान में काम कर रहा था। इसी दौरान उसने नाबालिग लड़की को झांसे में लेकर रविवार को उससे मिलने की बात कही। लड़की भी झांसे में आकर उससे मिलने के लिए उसके पास पहुंच गई। इसके बाद सरफराज उसे लेकर सदर थाना क्षेत्र स्थित दीपाटोली में अपने दोस्त अमानुल्लाह के घर लेकर चला गया।
यहां पर दोनों ने मिलकर नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे वहां से भेज दिया। घटना के बाद पीड़ित लड़की घर चली गई। कुछ दिन बाद उसने घटना की जानकारी को अपने परिजनों को दी। इसके बाद गुरुवार की रात में नाबालिग के परिजन लोअर बाजार थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया।
इसके बाद पुलिस ने पीड़ित लड़की का मेड़िकल कराया और पूरे मामले की जांच में जुट गई। देर रात में ही आरोपियों के घर में छापेमारी की, लेकिन दोनों फरार मिले। शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी मोहल्ले में घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर थाना ले आई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने इसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया। जिसके बाद कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया है।