Site icon Jharkhand LIVE

दिल्ली होटल अग्निकांड में बोकारो की श्रुतिका की मौत, परिवार में मातम

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड में झारखंड के बोकारो जिले की 22 वर्षीय छात्रा श्रुतिका बरनवाल (सुरभि) की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में कुल 21 लोगों की जान चली गई। घटना 3 जून की सुबह हुई, जिसके बाद पूरे बोकारो में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, जैनामोड़ पोस्ट ऑफिस मोहल्ला निवासी रमेश कुमार बरनवाल की इकलौती बेटी श्रुतिका मुंबई स्थित Tata Institute of Social Sciences (TISS) में वाटर पॉलिसी एंड गवर्नेंस प्रोग्राम की छात्रा थीं। वह अपने एकेडमिक प्रोजेक्ट के सिलसिले में दिल्ली आई थीं और मालवीय नगर के बी एंड बी गेस्ट हाउस की तीसरी मंजिल पर ठहरी हुई थीं।

बताया जाता है कि हादसे के समय श्रुतिका अपनी मां से फोन पर बात कर रही थीं। इसी दौरान होटल में आग लग गई। उन्होंने मां से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कुछ ही देर बाद फोन हाथ से छूटकर गिर गया और संपर्क टूट गया। बाद में उनकी मौत की खबर परिवार तक पहुंची।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग ग्राउंड फ्लोर पर संचालित एक रेस्टोरेंट की रसोई से शुरू हुई और तेजी से पूरी इमारत में फैल गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेस्टोरेंट के पास वैध लाइसेंस और आवश्यक फायर सेफ्टी मानकों की मंजूरी नहीं थी। पुलिस होटल प्रबंधन और मालिक की भूमिका की जांच कर रही है।

गुरुवार को श्रुतिका का पार्थिव शरीर दिल्ली से जैनामोड़ स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। बाद में चास श्मशान घाट में नम आंखों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना से परिवार समेत पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Exit mobile version