Site icon Jharkhand LIVE

जंगल में बैठकर कर रहे थे साइबर ठगी, देवघर पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करौं थाना क्षेत्र के अंबाटीला जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने साइबर ठगी में संलिप्त चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जंगल में बैठकर लोगों को फोन कर अलग-अलग तरीकों से ठगी का प्रयास कर रहे.

पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल में कुछ युवक साइबर ठगी का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने 12 सितंबर को कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। इस दौरान चार आरोपियों को पकड़ा गया। इनमें कन्हैया कुमार दास, रूपलाल कुमार पाददार, मोहम्मद सलीम अंसारी और समीर कुमार दास शामिल हैं।

9 मोबाइल और 10 सिम बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते थे। इसके अलावा कैशबैक, पीएम किसान योजना और बिजली बिल से जुड़े मामलों का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की जाती थी।

पुलिस अब बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच कर रही है। इसके जरिए आरोपियों के संपर्क में रहे लोगों और साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Exit mobile version