Site icon Jharkhand LIVE

देवघर में बेखौफ चोरों ने कार से खींचकर उखाड़ा ATM, मशीन को घसीटकर ले गए, CCTV वीडियो वायरल

झारखंड के देवघर में चोरों के बेखौफ होने का मामला सामने आया है। यहां देर रात कार से पहुंचे 4-5 चोरों ने सड़क किनारे लगे एक एटीएम मशीन को कार से बांधकर उखाड़ लिया। चोर पहले एटीएम मशीन को रस्सी और मजबूत पट्टे से कार में बांधते हैं और फिर कार से खींचकर मशीन को बाहर निकाल लेते हैं। इसके बाद एटीएम को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले जाते हैं और फिर कार में लादकर मौके से फरार हो जाते हैं।

इस पूरी घटना का वीडियो एटीएम के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कार से बांधकर उखाड़ा ATM

वायरल सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सफेद रंग की कार से 4-5 लोग मौके पर पहुंचते हैं। एक व्यक्ति कार में रहता है, जबकि बाकी लोग एटीएम मशीन के पास पहुंचते हैं। पहले कार को एटीएम रूम के सामने लाया जाता है और फिर पीछे करते हुए मशीन के पास लगाया जाता है।

इसके बाद चोर मजबूत पट्टे वाली रस्सी निकालकर एटीएम मशीन से बांध देते हैं। रस्सी को कार से जोड़ने के बाद कार चालक गाड़ी आगे बढ़ाता है। कार के जोर लगाने पर एटीएम मशीन अपनी जगह से उखड़कर बाहर आ जाती है।

सड़क पर आवाजाही के बीच वारदात

एटीएम उखाड़ने के दौरान सड़क पर बाइक और अन्य लोगों की आवाजाही भी दिखाई दे रही है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते हैं। मशीन बाहर निकलने के बाद चोर उसे कुछ दूर तक सड़क पर घसीटते हैं और फिर कार में लादकर फरार हो जाते हैं।

घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर चोरों और पुलिस पर तंज

वायरल वीडियो के कमेंट सेक्शन में कुछ यूजर्स ने चोरों के दुस्साहस पर हैरानी जताई है, जबकि कुछ लोगों ने देवघर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। एक यूजर ने कमेंट किया कि वीडियो देखकर ऐसा लगता है कि चोरों को देवघर पुलिस का जरा भी डर नहीं है।

वहीं, कुछ यूजर्स ने चोरों के तरीके को लेकर मजाकिया कमेंट भी किए। एक यूजर ने लिखा कि पांच चोर मिलकर भी एटीएम मशीन नहीं उठा पाए। एक अन्य यूजर ने कहा कि एटीएम मशीन ले जाने के बावजूद चोर उसमें मौजूद पैसे का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।

फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर सामने आई इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई है और एटीएम में कितनी रकम मौजूद थी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

Exit mobile version