Site icon Jharkhand LIVE

धनबाद पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार, 13 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

धनबाद जिला पुलिस ने एक संगठित बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर जिले के विभिन्न इलाकों से 13 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार अपराधी चोरी की बाइकों के नंबर प्लेट बदलने, चेसिस नंबर मिटाने और रंग बदलकर उन्हें अवैध रूप से बेचने का काम करते थे।

जानकारी के अनुसार, कालूबथान ओपी क्षेत्र में 19 जून को हुई बाइक चोरी और जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निरसा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 जून को नयाडांगा काली मंदिर मैदान के पास छापेमारी कर पांचों आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार चौहान, मनीष कुमार दुबे, सूरज हेम्ब्रम, चंदन कुमार और राजकुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी निरसा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह चोरी के बाद सबसे पहले बाइक का नंबर प्लेट हटा देता था। इसके बाद चेसिस नंबर को ग्राइंडिंग मशीन से मिटाकर पहचान खत्म कर दी जाती थी। चोरी की गाड़ियों का रंग भी बदल दिया जाता था ताकि उन्हें आसानी से दूसरे ग्राहकों को बेचा जा सके। पुलिस ने आरोपियों के पास से मास्टर चाबी, पेचकस और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर गोविंदपुर, चिरकुंडा, कुमारधुबी समेत कई इलाकों में छापेमारी कर कुल 13 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों का चोरी के मामलों में पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। प्राथमिकी दर्ज कर सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version