Dhanbad News: धनबाद में दिशा की बैठक के दौरान बीजेपी सांसद ढुलू महतो और सीपीआईएम(एल) के निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बीच तीखी बहस देखने को मिली। ट्रॉमा सेंटर का निर्माण नहीं होने और एमपीएल में जारी आंदोलन को लेकर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। ट्रॉमा सेंटर के मुद्दे पर सांसद ने राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया, जबकि विधायक ने कहा कि इसके निर्माण के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी जरूरी है। वहीं, एमपीएल में कामकाज प्रभावित होने को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप सामने आए।
ट्रॉमा सेंटर नहीं बनने पर केंद्र और राज्य सरकार आमने-सामने
धनबाद में आयोजित दिशा की बैठक में ट्रॉमा सेंटर का मुद्दा उठने पर सांसद ढुलू महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण अब तक ट्रॉमा सेंटर का निर्माण नहीं हो पाया है और योजना फाइलों में ही अटकी हुई है। सांसद ने बाघमारा में भी ट्रॉमा सेंटर बनाने का प्रस्ताव दिए जाने की बात कही।
इस पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर के निर्माण का काम केंद्र सरकार से जुड़ा है। उन्होंने सांसद से कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है। इस टिप्पणी के बाद बैठक में दोनों नेताओं के बीच बहस शुरू हो गई। सांसद ने विधायक की बात पर आपत्ति जताई।
विधायक ने सांसदों को दिखाया पत्र
बहस के दौरान बाघमारा विधायक शत्रुध्न महतो ने भी ट्रॉमा सेंटर का निर्माण नहीं होने के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार बताया। इस पर अरूप चटर्जी ने कहा कि वह पहली बार विधायक बने हैं और उन्हें इस मामले की जानकारी हासिल करनी चाहिए।
वहीं, सांसद ढुलू महतो और गिरिडीह के सांसद ने विधायक से दस्तावेज दिखाने को कहा, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि ट्रॉमा सेंटर का मामला केंद्र सरकार की वजह से अटका हुआ है। इसके बाद अरूप चटर्जी ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव की ओर से केंद्र सरकार को भेजे गए पत्र की कॉपी दोनों सांसदों को उपलब्ध कराई। उन्होंने सांसदों से केंद्र सरकार से मंजूरी दिलाने की मांग की।
एमपीएल में आंदोलन को लेकर भी बढ़ा विवाद
दिशा की बैठक के बाद सांसद ढुलू महतो ने एमपीएल में जारी आंदोलन का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि रंगदारी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किए जाने से एमपीएल का कामकाज प्रभावित हो रहा है। सांसद के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से हजारों मजदूर फैक्ट्री के अंदर फंसे हुए हैं।
उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि स्थिति का समाधान नहीं हुआ, तो स्थानीय लोग सड़क पर उतरकर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) जाम कर सकते हैं।
अरूप चटर्जी ने सांसद पर किया पलटवार
एमपीएल गेट जाम करने के मामले में सांसद की ओर से रंगदारी के आरोप लगाए जाने पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सांसद इसलिए परेशान हैं, क्योंकि एमपीएल में उनकी अपनी ट्रांसपोर्टिंग का काम है, जो आंदोलन के कारण प्रभावित हो रहा है।
इस तरह धनबाद की दिशा बैठक में ट्रॉमा सेंटर के निर्माण से लेकर एमपीएल में जारी आंदोलन तक कई मुद्दों पर सांसद ढुलू महतो और विधायक अरूप चटर्जी के बीच आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले।

