बीजेपी प्रवक्ता अजय शाह ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए धनबाद की कानून-व्यवस्था और पुलिस सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने लिखा कि आमतौर पर बड़े अपराधी सीधे पुलिस तंत्र से टकराने से बचते हैं, क्योंकि पुलिस व्यवस्था का नेटवर्क बेहद मजबूत माना जाता है। लेकिन धनबाद में एक गैंगस्टर द्वारा खुलेआम एसएसपी को चुनौती देना चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है।
पोस्ट में कहा गया है कि अपराधियों के मन से कानून और पुलिस प्रशासन का भय खत्म होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने इसे केवल एक अधिकारी पर हमला नहीं, बल्कि पूरे पुलिस सिस्टम की साख पर सवाल बताया।
अजय साह ने अपने पोस्ट में झारखंड की मौजूदा स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब पुलिस अधिकारियों की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बजाय कथित अवैध कारोबार और नेटवर्क से जुड़ी दिखने लगे, तब जनता का भरोसा कमजोर होने लगता है।
उन्होंने यह भी लिखा कि समाज में तब गंभीर स्थिति पैदा होती है, जब कानून लागू करने वाले और कानून तोड़ने वालों के बीच का फर्क जनता की नजर में धुंधला पड़ने लगे। पोस्ट में यह दावा किया गया कि अपराधियों के बढ़ते हौसले पूरे सिस्टम के लिए खतरे का संकेत हैं।
इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल Media पर बहस तेज हो गई है। कई लोग पुलिस व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इसे प्रशासन के लिए चेतावनी मान रहे हैं।