डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो और उनके समर्थकों के खिलाफ बरवाअड्डा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी रवि कुमार के बयान पर दर्ज FIR में विधायक समेत 10 नामजद और 40-50 अज्ञात लोगों पर पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज, हाथापाई, धमकी देने, सरकारी काम में बाधा डालने और हाजत में बंद आरोपी को छुड़ाने की कोशिश करने के आरोप लगाए गए हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, मामला 22 अगस्त की रात का है। बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 129/2026 के एक आरोपी गणेश दास को नोटिस तामिला कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर हाथापाई और गाली-गलौज हुई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर थाने लाया।
FIR के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद विधायक जयराम महतो ने थाना प्रभारी को WhatsApp कॉल किया। पुलिस ने आरोप लगाया है कि बातचीत के दौरान थाना प्रभारी को कथित तौर पर गाली दी गई और नौकरी खत्म कराने तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
समर्थकों के साथ थाने पहुंचे विधायक
पुलिस का आरोप है कि रात करीब 10 बजे विधायक जयराम महतो 40-50 समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। पुलिस के अनुसार, वहां मौजूद अधिकारियों ने सभी को बैठाकर बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ गई।
FIR में आरोप लगाया गया है कि विधायक के समर्थक दिलीप चौधरी ने थाना प्रभारी की टेबल पर मुक्का मारा, जिससे नेम बोर्ड टूट गया। इसके बाद हाजत में बंद आरोपी गणेश दास को बाहर निकालने की कोशिश किए जाने का भी आरोप है।
ढाई घंटे तक थाने में हंगामे का आरोप
थाना प्रभारी के बयान के अनुसार, विधायक और उनके समर्थकों के कथित हंगामे के कारण करीब ढाई घंटे तक थाने में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही और सरकारी कामकाज प्रभावित हुआ। पुलिस ने आरोप लगाया है कि थाना प्रभारी को रोकने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की भी कोशिश की गई।
पुलिस बल पहुंचने के बाद स्थिति हुई नियंत्रित
मामले की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गोविंदपुर और धनबाद से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने मामले में थाने के CCTV फुटेज और विधायक के साथ हुई कथित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के तौर पर जब्त किए जाने की बात कही है।
विधायक समेत 10 नामजद और 40-50 अज्ञात पर केस
बरवाअड्डा पुलिस ने विधायक जयराम महतो के अलावा सुशील मंडल, दिलीप चौधरी, राजकुमार मंडल, जितेंद्र हजारी, अजय दास, गोलक महतो, महेंद्र साव, रंजीत साव, राजेश महतो और त्रिपुरारी पांडेय समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

