Site icon Jharkhand LIVE

धनबाद में भू-धंसान से एक-एक कर चार घर जमींदोज, गोफ में समाए 5 लोग; मासूम की मौत

झारखंड के धनबाद में भू-धंसान की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। सिजुआ इलाके में मंगलवार सुबह अचानक जमीन धंसने से एक-एक कर चार घर जमींदोज हो गए। हादसे के दौरान घर में मौजूद एक ही परिवार के पांच लोग गोफ में समा गए। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव अभियान चलाकर सभी को बाहर निकाला। अस्पताल में इलाज के दौरान पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हैं।

जानकारी के मुताबिक, घटना बीसीसीएल के सिजुआ क्षेत्र की मोदीडीह कोलियरी अंतर्गत सिजुआ दस नंबर तीन पट्टियां धौड़ा में मंगलवार सुबह करीब 5:45 बजे हुई। अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई और देखते ही देखते चार मकान इसकी चपेट में आ गए। मलबा गिरने से परिवार के सदस्य गोफ में फंस गए।

स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से गोफ में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी को कतरास के निचितपुर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने पांच वर्षीय विक्रम कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं चंदा देवी (33), पूजा कुमारी (17), आरती कुमारी (13) और बाला कुमार (3) का इलाज चल रहा है।

कई मकान और सामान भू-धंसान की चपेट में

भू-धंसान से आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। गोपी भुइयां, जनार्दन मल्लाह और केदार भुइयां के घर समेत लाखों रुपये का सामान जमीन में समा गया। वहीं शिवराखन सिंह के घर का एक हिस्सा, बिजली का पोल और पीपल का पेड़ भी गोफ में चला गया। बिजली का पोल गिरने के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।

12 घरों को खतरे के दायरे में रखा गया

घटना के बाद मोदीडीह कोलियरी प्रबंधन ने आसपास के 12 घरों को आंशिक खतरे की श्रेणी में चिह्नित किया है। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। करीब 15 घंटे बाद मृत बच्चे का शव सड़क से हटाया गया। प्रबंधन की ओर से मृतक के आश्रित को आउटसोर्सिंग में नियोजन देने समेत अन्य मांगों पर सहमति की बात सामने आई है।

धनबाद के कोयलांचल क्षेत्रों में भू-धंसान की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। इस साल भी जिले में कई स्थानों पर भू-धंसान की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान गई है।

Exit mobile version