झारखंड के चीफ जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक रविवार को सपरिवार बासुकिनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर में वैदिक पंडितों द्वारा षोडशोपचार पद्धति से पूजा कराई गई और संकल्प पूजा के साथ शिवलिंग का दूध से अभिषेक कर बेलपत्र अर्पित किया गया।
पूजा के दौरान पंचामृत से भगवान भोलेनाथ का स्नान कराया गया, जिसमें दूध, दही, घी, गुड़, भांग, ईख का रस और गंगाजल शामिल था। इसके साथ ही मंदिर परिसर में दस महाविद्या देवियों की भी विशेष पूजा की गई और वैदिक आरती संपन्न हुई।
चीफ जस्टिस ने बाबा फौजदारीनाथ के साथ माता पार्वती, काली माता और मां बगलामुखी के मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया।
उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे मंदिर परिसर छावनी में तब्दील नजर आया।
पूजा के बाद डीसी अभिजीत सिन्हा और एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने उन्हें अंगवस्त्र, रुद्राक्ष माला और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मीडिया से बातचीत में चीफ जस्टिस ने कहा कि उन्होंने बाबा बासुकिनाथ से सभी के सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है। उन्होंने विश्वास जताया कि भोलेनाथ की कृपा से देश में खुशहाली बनी रहेगी।
इस मौके पर जिला न्यायाधीश समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।