राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में रविवार (26 जुलाई) से एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप 2026 का भव्य आगाज होने जा रहा है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उद्घाटन समारोह में शामिल होकर टूर्नामेंट का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह में सेना के शौर्य प्रदर्शन के साथ झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिलेगी।
शाम 5 बजे होगा पहला मुकाबला
डूरंड कप के रांची चरण का पहला मैच शाम 5 बजे से जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला जाएगा। दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम के प्रवेश द्वार दोपहर 2 बजे से खोल दिए जाएंगे।
उद्घाटन समारोह के मुख्य आकर्षण
उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने के लिए कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें शामिल हैं—
आर्मी बैंड की शानदार प्रस्तुति
फ्लाइपास्ट
स्काईडाइविंग प्रदर्शन
कुकरी मार्शल आर्ट्स
भांगड़ा प्रस्तुति
झारखंड का पारंपरिक लोक नृत्य
दर्शकों के लिए मुफ्त प्रवेश, जीरो टिकट अनिवार्य
झारखंड सरकार और जिला प्रशासन ने फुटबॉल प्रेमियों के लिए सभी मैचों में नि:शुल्क प्रवेश की व्यवस्था की है। हालांकि स्टेडियम में प्रवेश के लिए ‘जीरो टिकट’ लेना अनिवार्य होगा। दर्शक मोरहाबादी में बनाए गए निर्धारित काउंटरों से यह टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
पहली बार डूरंड कप की मेजबानी करेगा रांची
रांची पहली बार इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। यहां 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक ग्रुप-सी के कुल 7 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें 6 लीग मैच और 1 क्वार्टर फाइनल शामिल है।
ग्रुप-सी में जमशेदपुर एफसी, डिफेंडर्स एफसी (श्रीलंका), एससी दिल्ली और इंडियन एयर फोर्स फुटबॉल टीम हिस्सा ले रही हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
डूरंड कप को लेकर स्टेडियम में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिसर की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। सुरक्षा कारणों से दर्शकों को हेलमेट, बड़े छाते, एयर हॉर्न, मेगाफोन, लेजर पॉइंटर और बड़े बैनर जैसी वस्तुएं स्टेडियम के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

