Site icon Jharkhand LIVE

विदेशी मेडिकल छात्रों को भी मिलेगा स्टाइपेंड, सदर अस्पताल के इंटर्न को तीन साल का बकाया भुगतान

झारखंड में विदेशी विश्वविद्यालयों से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर राज्य में इंटर्नशिप करने वाले मेडिकल छात्रों को भी अब स्टाइपेंड मिलेगा। राज्य सरकार ने विदेशी मेडिकल स्नातकों (एफएमजी) को सरकारी मेडिकल कॉलेजों के छात्रों के समान स्टाइपेंड देने का फैसला किया है। इससे रांची के सदर अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहे विदेशी मेडिकल स्नातकों को भी लाभ मिलेगा।

सदर अस्पताल रांची में इंटर्नशिप के लिए आठ सीटें निर्धारित हैं। खास बात यह है कि यह फैसला एक जुलाई 2023 से प्रभावी होगा। इसके तहत पिछले तीन वर्षों में यहां इंटर्नशिप कर चुके पात्र छात्रों को भी बकाया स्टाइपेंड मिल सकेगा। हालांकि, जिन छात्रों को पहले ही भुगतान किया जा चुका है, उन्हें दोबारा राशि नहीं मिलेगी।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के इस प्रस्ताव को दो जुलाई 2026 को राज्य मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दी थी। इससे पहले जारी आदेश में सदर अस्पताल का नाम शामिल नहीं होने के कारण यहां इंटर्नशिप करने वाले विदेशी मेडिकल स्नातक स्टाइपेंड से वंचित थे।

अब सरकार ने इस विसंगति को दूर करते हुए सदर अस्पताल को भी भुगतान के दायरे में शामिल कर लिया है। इस व्यवस्था पर सालाना करीब 16.80 लाख रुपये खर्च होंगे। राशि स्वास्थ्य विभाग के बजट से उपलब्ध करायी जायेगी।

यह निर्णय राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के दिशा-निर्देशों और झारखंड हाईकोर्ट में दायर मामले के संदर्भ में लिया गया है।

Exit mobile version