झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल स्थित राम कृष्णा पेट्रोल पंप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आरोप लगाया गया कि गैलन में पेट्रोल देने के नाम पर ग्राहकों से करीब ₹200 अतिरिक्त वसूली की जा रही थी।

वीडियो में जब एक ग्राहक ने अतिरिक्त पैसे लेने को लेकर सवाल पूछा, तो पेट्रोल पंप कर्मी ने कथित तौर पर जवाब दिया -“पॉकेट खर्च है।” इसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया और लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।

मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम ने मेराल स्थित पेट्रोल पंप की जांच की। गढ़वा SDM संजय कुमार खुद जांच करने पेट्रोल पंप पहुंचे और जांच के दौरान ग्राहकों से अवैध वसूली की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया।

घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि ईंधन संकट और महंगाई के बीच इस तरह की अतिरिक्त वसूली आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है।

वहीं प्रशासन ने कहा है कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी तरह की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने बताया की तेल की कालाबजारी रोकने के लिए किसी डब्बे या गैलन में तेल देने से मना किया गया है, जो भी आदेश की अवहेलना करेगा, प्रशासन उसपर कार्रवाई करेगी !