Site icon Jharkhand LIVE

सिंदूरदान से पहले दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बिना दुल्हन लौट गई बारात

गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र के बगौंधा गांव में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब दुल्हन ने सिंदूरदान की रस्म के दौरान शादी करने से साफ इनकार कर दिया। अचानक लिए गए इस फैसले के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के परिजन, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि काफी देर तक युवती को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। आखिरकार बारात को बिना शादी संपन्न हुए वापस लौटना पड़ा।

पूरी रात चली पंचायत

घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे। मुखिया दुलारी देवी के प्रतिनिधि विरंची पासवान समेत अन्य ग्रामीणों ने भी मामले को सुलझाने की कोशिश की।

पूरी रात शादी मंडप में पंचायत और बातचीत का दौर चलता रहा। बुधवार सुबह थाना परिसर में भी दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने भी कराया समझाने का प्रयास

मामले की सूचना पर पुलिस भी सक्रिय हुई और दोनों पक्षों से बातचीत की। हालांकि काफी कोशिशों के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।

प्रेम प्रसंग की भी चर्चा

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि युवती को लड़का पसंद नहीं था, जबकि कुछ लोग दबी जुबान में प्रेम प्रसंग की चर्चा भी कर रहे हैं। हालांकि इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Exit mobile version