Site icon Jharkhand LIVE

गिरिडीह में ASI के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, 8-10 युवकों ने किया हमला; JMM छात्र मोर्चा से जुड़ा था युवक

झारखंड के गिरिडीह जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट के पास गुरुवार देर रात 24 वर्षीय युवक ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि करीब 8 से 10 लोगों ने युवक पर लाठी-बांस की फराठी और घूंसों से हमला किया। घटना में उसके दो साथी भी घायल हुए हैं।

पुलिस अधिकारी के बेटे की हुई हत्या

मृतक ऋतिक यादव के पिता झारखंड पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और बोकारो जिले में पदस्थापित बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।

JMM छात्र मोर्चा से भी जुड़ा था ऋतिक

रिपोर्ट के अनुसार ऋतिक यादव झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के छात्र मोर्चा से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि रात में वह अपने दोस्तों के साथ मैगी खाने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हमले में गंभीर रूप से घायल ऋतिक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Exit mobile version