झारखंड के गिरिडीह जिले में साइबर अपराधियों और ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर हिरासत में लिए गए एक आरोपी को छुड़ा लिया। घटना अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिक्सोरिया गांव में बुधवार देर रात हुई, जहां साइबर थाना पुलिस की टीम एक वांछित साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार, साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल उर्फ चमलीटी अपने ससुराल चिक्सोरिया गांव आया हुआ है। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात करीब 12:30 बजे छापेमारी की। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और वाहन में बैठाकर ले जाने की तैयारी कर रही थी।
इसी दौरान आरोपी के परिजनों ने गिरफ्तारी का विरोध शुरू कर दिया। बताया जाता है कि उसकी पत्नी, सास, ससुर और साले ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। शोर सुनकर आसपास के 20 से 25 लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम पर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले के दौरान पुलिस वाहन पर भी पथराव किया गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। अफरा-तफरी और अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी चुड़ामन मंडल पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही गांडेय इंस्पेक्टर और अहिल्यापुर थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और आरोपी को छुड़ाने के आरोप में 7 नामजद तथा 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस फरार साइबर अपराधी और हमले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

