झारखंड के गिरिडीह जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने कथित तौर पर अपनी तीन मासूम बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का किसी महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका उसकी बेटियां लगातार विरोध कर रही थीं। इसी विवाद को इस जघन्य वारदात की मुख्य वजह माना जा रहा है।
घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तुरुकडीहा गांव की है। बताया जा रहा है कि रविवार को भी इसी मुद्दे को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। सोमवार तड़के आरोपी नंदू यादव उर्फ नंदकिशोर यादव ने कथित रूप से गुस्से में आकर धारदार हथियार से अपनी तीन बेटियों पर हमला कर दिया।
हमले में 14 वर्षीय पल्लवी यादव और सात वर्षीय जुड़वां बहनें रिद्धि एवं सिद्धि की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी पूरे परिवार को खत्म करना चाहता था, लेकिन उसकी पत्नी राधा देवी और बेटा पंटू यादव किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

