गिरिडीह के चंदौरी गांव में रहने वाले पिंटू कुमार अपनी पहली पत्नी और चार बच्चों के रहते हुए एक अन्य महिला को घर लेकर पहुंचा। जैसे ही इस बात की जानकारी पहली पत्नी के परिजनों को मिली, वे बड़ी संख्या में उसके घर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया।
बताया जाता है कि विवाद के दौरान पिंटू कुमार मौके से गायब हो गया। इससे नाराज पहली पत्नी के परिजनों और महिलाओं ने उसकी मां मालती देवी को पकड़ लिया। मालती देवी स्वास्थ्य विभाग में सहिया के रूप में कार्यरत हैं। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने उन्हें बीच सड़क पर बिजली के खंभे से बांध दिया और जमकर हंगामा किया।
घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले मालती देवी को बंधन से मुक्त कराया और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पिंटू कुमार और उसके साथ आई महिला को हिरासत में ले लिया है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित स्थिति बनी हुई है।
पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

